उत्तराखंड: उत्तराखंड सरकार राज्य की पर्यटन अर्थव्यवस्था को एक नई उड़ान देने की तैयारी कर रही है। इसके लिए उच्चस्तरीय (लग्जरी) और आध्यात्मिक पर्यटन को एक साथ विकसित करने का खाका तैयार किया गया है।
किया जाएगा विकसित
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस योजना के तहत नैनीताल के पटवाडांगर में एक भव्य ‘इंटीग्रेटेड टूरिज्म सिटी’ और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन के पास बिलकेदार में राज्य का पहला ‘स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन’ (SEZ) विकसित किया जाएगा। इन दोनों महत्वाकांक्षी परियोजनाओं से बड़े पैमाने पर निजी निवेश आकर्षित करने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने का लक्ष्य रखा गया है।
पटवाडांगर: 600 करोड़ का निवेश
रिपोर्ट्स के मुताबिक उत्तराखंड निवेश एवं अवसंरचना विकास बोर्ड (UIIDB) को इस ड्रीम प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पटवाडांगर में करीब 80 एकड़ भूमि पर ‘इंटीग्रेटेड टूरिज्म सिटी’ बनाई जाएगी, जिसमें लगभग 600 करोड़ रुपये के निवेश का अनुमान है। जिसमें यहाँ 200 से अधिक लग्जरी कमरे, 4 और 5 सितारा होटल, बुटीक होटल, रिसॉर्ट, विला और कॉटेज विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा पर्यटकों के लिए स्पा एवं वेलनेस सेंटर, कॉन्फ्रेंस-कन्वेंशन सेंटर, प्रीमियम रेस्टोरेंट, पार्किंग और एडवेंचर व नेचर टूरिज्म की विश्वस्तरीय सुविधाएं होंगी। विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) और सरकारी मंजूरी के बाद इस परियोजना पर धरातल पर काम शुरू हो जाएगा।