Site icon Khabribox

24 जनवरी: आज मनाया जा रहा है राष्ट्रीय बालिका दिवस, उत्तराखंड में राज्यपाल इन बहादुर बेटियों को करेंगे सम्मानित

आज 24 जनवरी 2024 है‌। आज राष्ट्रीय बालिका दिवस है। हर साल 24 जनवरी का दिन भारत में राष्ट्रीय बालिका दिवस के रूप में मनाया जाता है। बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करके समाज में उन्हें विकास के लिए समान अवसर के साथ सम्मान दिलाने के मकसद से यह दिन मनाया जाता है। 

राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाने का महत्व

प्रतिवर्ष 24 जनवरी को राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाते हैं। इस दिन को मनाने की शुरुआत साल 2008 से हुई। पहली बार महिला बाल विकास मंत्रालय ने 24 जनवरी 2008 में राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया था। बालिका दिवस को 24 जनवरी के दिन मनाने की एक खास वजह है। इस दिन का नाता देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से जुड़ा है। इंदिरा गांधी ने 24 जनवरी 1966 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। देश की बेटी के इस सर्वोच्च पद तक पहुंचने को उपलब्धि को प्रतिवर्ष याद करने और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से 24 जनवरी का दिन महत्वपूर्ण माना गया।

बहादुर बेटियां होंगी सम्मानित

उत्तराखंड में आज राष्ट्रीय बालिका दिवस पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह उन बहादुर बेटियों को सम्मानित करेंगे जिन्होंने जान की परवाह किए बिना साहस का परिचय देते हुए गुलदार से अपनों की जान बचाई। जिसमें सहसपुर शंकरपुर की महमुदपुर बस्ती में छह मई 2023 को आठ साल की नाजिया ने गुलदार से तीन भाइयों को बचाया था। वही 25 सितंबर 2023 को पौड़ी गढ़वाल की 10 वर्षीय आराधना अपने सात वर्षीय छोटे भाई प्रिंस के साथ बरामदे में पढ़ रही थी। तभी गुलदार प्रिंस पर झपटा, लेकिन आराधना इससे घबराई नहीं, बल्कि भाई को बचाने के लिए गुलदार से लड़ गयी और अपने भाई को बचाया‌।

Exit mobile version