Site icon Khabribox

101 साल पुरानी परंपरा: अल्मोड़ा नगर में निकले रावण परिवार के पुतले, उमड़ा जनसैलाब, ज्यूलोजी मैदान में होगा दहन

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में आज विजयदशमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर शहर में रावण परिवार के 23 कलात्मक पुतलों का ऐतिहासिक जुलूस निकाला गया।

उमड़ी लोगों की भीड़

जिसके साक्षी बनने के लिए दूर-दूर से हजारों लोग पहुंचे। जानकारी के अनुसार शिखर तिराहे पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक मनोज तिवारी, मेयर अजय वर्मा और वरिष्ठ रंगकर्मी किरन दफौटी ने फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसके बाद ढोल-नगाड़ों की गूंज और ‘जय श्रीराम’ के जयकारों के बीच जुलूस शिखर तिराहे से शुरू होकर मिलन चौक, लाला बाजार, थाना बाजार और मालरोड होते हुए एसएसजे परिसर के ज्यूलोजी खेल मैदान पहुंचेगा यहाँ देर शाम एक-एक कर रावण, मेघनाद और अतिकाय समेत सभी पुतलों का दहन किया जाएगा।

​पुरानी है परंपरा

अल्मोड़ा में रावण का पुतला दहन करने की इस अनोखी परंपरा की शुरुआत वर्ष 1925 में हुई थी। समय के साथ इन पुतलों की संख्या बढ़कर दो दर्जन से अधिक हो गई है। इस वर्ष 23 पुतलों के निर्माण में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों समेत 150 से अधिक स्थानीय कलाकारों ने एक महीने की कड़ी मेहनत की।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

त्योहार के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में मुख्य बाजार और ज्यूलोजी मैदान में भारी पुलिस बल तैनात रहा तथा यातायात व्यवस्था में भी आवश्यक बदलाव किए गए थे।

रहें मौजूद

कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष अजीत कार्की, सचिव वैभव पांडे, रघुनाथ सिंह चौहान, कैलाश शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Exit mobile version