Site icon Khabribox

आस्था का महासंगम: नंदा देवी राजराजेश्वरी यात्रा: इच्छोली पहुंची बधाण की डोली, जयकारों से गूंजी घाट-थराली घाटी: रामणी में डोलियों का अलौकिक मिलन

देवाल/नंदानगर: लोकजात और बड़ीजात यात्रा के तहत श्री नंदा देवी की देव डोलियों का आगे बढ़ने का सिलसिला लगातार जारी है।

भक्तिमय हुआ माहौल

भक्तों के भारी उत्साह और जयकारों के बीच बधाण क्षेत्र की श्री नंदादेवी लोकजात यात्रा अपने 9वें पड़ाव इच्छोली पहुंच गई है, वहीं दशोली एवं बण्ड़ परगना की यात्रा आला गांव पहुंच चुकी है।
आज‌ रविवार सुबह करीब 11 बजे बधाण की नंदा देवी यात्रा धरातल्ला से धरामल्ला गांव पहुंची, जहां दोपहर का भोजन आयोजित किया गया। तल्ला धार में देवी की विशेष पूजा के तहत ‘सोलपाती’ का आयोजन हुआ। इसके बाद यात्रा पूर्णा गांव होते हुए देवाल बाजार पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा और अक्षत (जौ-चावल) चढ़ाकर देव डोली का भव्य स्वागत किया। देर शाम यात्रा अपने 9वें पड़ाव इच्छोली पहुंची। सोमवार को यह यात्रा इच्छोली से कैल और हाट कल्याणी होते हुए 10वें पड़ाव फल्दियागांव पहुंचेगी।

रामणी में हुआ भावुक मिलन

दूसरी ओर, दशोली एवं बण्ड़ परगना की डोलियों और छंतोलियों का नंदानगर-घाट के रामणी गांव में भावपूर्ण मिलन हुआ। इस अलौकिक पल को देखकर श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। पूजन के बाद डोलियों पर देवी अवतारित हुईं और भक्त झूम उठे। रविवार को कासमातोली, घूनी, पड़ेरगांव और बूरा होते हुए यात्रा अपने 9वें पड़ाव आला गांव पहुंची, जहां रातभर देव पूजन का दौर चलता रहा। सोमवार को यह यात्रा आला, जोखना और सितेल होते हुए 10वें पड़ाव कनोल गांव के लिए प्रस्थान करेगी।

व्यवस्था में जुटे जनप्रतिनिधि और पुजारी

यात्रा के दौरान देवाल के ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत, जेष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया, व्यापार संघ अध्यक्ष चंद्र सिंह रावत, कुरूड़ मंदिर समिति के अध्यक्ष सुखबीर रौतेला, बड़ी जात समिति के अध्यक्ष कर्नल हरेंद्र सिंह रावत और नंदानगर के जेष्ठ प्रमुख हीरा सिंह बिष्ट सहित कई गणमान्य लोग व्यवस्थाएं जुटाने में सक्रिय रहे। वहीं, नंदा पुजारी मुंशी चंद्र गौड़, दिनेश गौड़, प्रकाश गौड़ व अन्य पुजारियों द्वारा मार्ग में श्रद्धालुओं की पूजा-अर्चना संपन्न करवाई जा रही है।

Exit mobile version