उत्तराखंड: उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें वैश्विक मंच देने की दिशा में धामी सरकार ने एक बड़ा निर्णय लिया है। प्रदेश के खेल विभाग ने अपने कोटे में पहली बार चार नई खेल विधाओं को शामिल किया है।
यह खेल विधाएं शामिल
जिसमें शूटिंग, तैराकी, जिम्नास्टिक और आइस स्पोर्ट्स शामिल हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें नई विधाओं के जुड़ने से अब राज्य के खिलाड़ियों को ओलिंपिक आधारित खेलों में भी सरकारी स्तर पर उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त हो सकेगा। इसके साथ ही अब खेल विभाग के अधीन संचालित खेलों की संख्या 8 से बढ़कर 12 हो गई है।
ढांचा तैयार
इस संबंध में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेश ममगाईं ने बताया कि नई विधाओं के लिए आवश्यक आधारभूत ढांचा तैयार कर लिया गया है और विशेषज्ञों (कोच) की नियुक्ति भी पूरी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने खेलों का दायरा बढ़ाते हुए चार नई विधाओं को शामिल किया है। 15 जुलाई से शूटिंग, तैराकी, जिम्नास्टिक और आइस स्पोर्ट्स का नियमित प्रशिक्षण शुरू होगा। नई खेल विधाओं के शामिल होने के बाद अब इनका पंजीकरण भी जल्द शुरू किया जाएगा, जिससे युवाओं को अपने हुनर को संवारने का बेहतर अवसर मिल सकेगा।