Site icon Khabribox

एबी डिविलियर्स ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से लिया संन्यास, नहीं होंगे IPL 2022 में शामिल

साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्सास लेने का ऐलान कर दिया है। एबी डिविलियर्स काफी समय पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं और अब वे इंडियन प्रीमियर लीग(IPL) जैसे टूर्नामेंट में भी खेलते नजर नहीं आएंगे। उनके इस फैसले से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर(RCB) को बड़ा झटका लगा है।

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की पूरी टीम और विराट कोहली को किया शुक्रिया

एबी डिविलियर्स ने संन्यास लेने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की पूरी टीम और विराट कोहली को शुक्रिया कहा है। उन्होंने लिखा, ‘आरसीबी के लिए खेलते हुए मैंने लंबा समय बिताया है। इस साल मैंने फ्रेंचाइजी के लिए 11 साल पूरे किए हैं और अब लड़कों को छोड़ना बहुत दुखदाई है। बेशक इस निर्णय पर पहुंचने के लिए बहुत समय लगा, लेकिन बहुत सोच-विचार के बाद मैंने संन्यास लेने और अपने परिवार के साथ समय बिताने का फैसला किया है।’

एक अविश्वसनीय यात्रा रही है- एबी डिविलियर्स

एबी डिविलियर्स ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘यह एक अविश्वसनीय यात्रा रही है, लेकिन मैंने सभी क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। मैंने अपने बैकयार्ड में बड़े भाइयों के साथ क्रिकेट खेलना शुरू किया तब से ही मैंने पूरे आनंद और बेलगाम उत्साह के साथ इस खेल को खेला है। अब 37 साल की उम्र में वह लौ अब उतनी तेज से नहीं जलती। मुझे इस बात को स्वीकारना होगा। यही वजह है कि मैंने संन्यास लेने का ऐलान किया है।’

ऐसा रहा टी20 करियर

डिविलियर्स ने अपने पूरे टी20 करियर में 9424 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 4 शतक और 69 अर्धशतक लगाए। 340 टी20 मैचों में उनका बल्लेबाजी औसत 37.24 रहा। उन्होंने अपने टी20 करियर में 436 छक्के लगाए व साथ ही उन्होंने 230 कैच भी लपके। डिविलियर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में 184 मैचों में 39.71 की औसत से 5162 रन बनाए। डिविलियर्स का स्ट्राइक रेट 151 से ज्यादा का रहा और उनके बल्ले से 3 शतक, 40 अर्धशतक निकले।

Exit mobile version