रूद्रपुर: दिवाकर स्पोर्ट्स एंड फिटनेस अकेडमी और कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
मिली जानकारी के अनुसार हरियाणा और पंजाब में आयोजित ‘ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी पेंचक सिलाट चैंपियनशिप 2026’ में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किया। इस चैंपियनशिप के दौरान खिलाड़ियों ने अलग-अलग चरणों में अपनी चुनौती पेश की। जिसमें 9 से 15 मार्च तक हरियाणा के रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में आयोजित प्रतियोगिता में चेतन ने 70-75 किलोग्राम भार वर्ग में हिस्सा लिया। उन्होंने कड़े मुकाबलों के बाद रजत पदक हासिल किया इसके पश्चात 15 से 19 मार्च तक पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में आयोजित फाइटिंग स्पर्धा में सुनीता भट्ट ने उत्कृष्ट कौशल दिखाते हुए कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
विजेताओं का भव्य स्वागत
दोनों खिलाड़ियों के रुद्रपुर आगमन पर दिवाकर स्पोर्ट्स एंड फिटनेस अकेडमी में जश्न का माहौल रहा। एकेडमी के सदस्यों और खेल प्रेमियों ने फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। पेंचक सिलाट एसोसिएशन उत्तराखंड के अध्यक्ष केवल किशन भारती, कोषाध्यक्ष राहुल और मुख्य कोच बबूल दिवाकर ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।