Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: राज्य सहकारी बैंक में 7 करोड़ के ऋण घोटाले का खुलासा, बैंक अधिकारियों और फर्म निदेशक समेत 6 लोगों पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज, जांच शुरू

अल्मोड़ा: उत्तराखंड राज्य सहकारी बैंक की अल्मोड़ा शाखा में 7 करोड़ रुपये के बड़े ऋण घोटाले का मामला सामने आया है। जिस पर बैंक प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने बैंक के चार वरिष्ठ अधिकारियों, ऋण लेने वाले फर्म निदेशक और उनकी पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है।

जानें क्या है मामला

मिली जानकारी के अनुसार अल्मोड़ा शाखा प्रबंधक समीर भटनागर की ओर से कोतवाली में दी गई तहरीर के मुताबिक, साल 2017 में बैंक की प्रबंध समिति ने ‘मैसर्स मां नंदा बिल्डकॉम प्राइवेट लिमिटेड’ के निदेशक आनंद चौहान और उनकी पत्नी सुनीता चौहान के पक्ष में 2 करोड़ रुपये की कैश-क्रेडिट ऋण सीमा के नवीनीकरण को मंजूरी दी थी। जिस पर आरोप है कि बैंक प्रबंधन ने नियमों को ताक पर रखकर इस ऋण सीमा को 2 करोड़ से सीधे बढ़ाकर 7 करोड़ रुपये कर दिया। आंतरिक जांच में यह भी सामने आया कि मानकों से बेहद कम मूल्य की संपत्ति बंधक के रूप में रखी गई और ऋण से जुड़े दस्तावेजों में भी भारी हेराफेरी की गई।

मुकदमा दर्ज

कोतवाल योगेश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि बैंक प्रबंधक की शिकायत पर निम्नलिखित छह आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और साजिश का मामला दर्ज किया गया है। जिसमें आनंद चौहान (फर्म निदेशक / ऋणकर्ता), सुनीता चौहान (ऋणकर्ता की पत्नी), दीपक कुमार (तत्कालीन प्रबंध निदेशक, बैंक), मनोज राणा (शाखा प्रबंधक, बैंक), धर्मवीर सिंह (महाप्रबंधक, बैंक), कर्ण सिंह (सहायक महाप्रबंधक, बैंक) है।  वहीं दस्तावेजों की जांच भी की जा रही है और अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Exit mobile version