Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: आज से 7 दिवसीय रंगमंच और फिल्म निर्माण कार्यशाला का आगाज, तनुश्री शंकर की प्रस्तुति रहेगी खास

अल्मोड़ा: संस्कृति विभाग उत्तराखंड और पं. गोविंद बल्लभ पंत राजकीय संग्रहालय के संयुक्त तत्वावधान में आज (14 सितंबर) से उदय शंकर नाट्य अकादमी में 7 दिवसीय रंगमंच एवं फिल्म निर्माण कार्यशाला का आगाज होने जा रहा है।

कार्यशाला का आयोजन

जिसमें महान नृत्य व कला साधक गुरु उदय शंकर की स्मृति और उनकी कलात्मक विरासत को समर्पित यह कार्यशाला 14 से 20 सितंबर 2026 तक चलेगी। इस कार्यशाला में उत्तराखंड के युवाओं को रंगमंच, अभिनय, दृश्य संरचना, कैमरा, पटकथा लेखन, फिल्म और डॉक्यूमेंट्री निर्माण की बारीकियां सिखाई जाएंगी। कार्यशाला में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) के पूर्व छात्र शुभम शर्मा, अनुभवी रंगकर्मी व फिल्म विशेषज्ञ कैलाश कांडपाल तथा रंगमंच विशेषज्ञ अभिषेक डोभाल प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे। कार्यक्रम का क्यूरेशन और समन्वय उस्ताद बिस्मिल्लाह खाँ युवा पुरस्कार (2025) से सम्मानित हिमांशु धर्मोरा द्वारा किया जा रहा है।

तनुश्री शंकर की विशेष प्रस्तुति होगी आकर्षण का केंद्र

कार्यशाला का समापन 20 सितंबर को एक भव्य सांस्कृतिक संध्या के साथ होगा। इस समापन समारोह में गुरु उदय शंकर की पुत्रवधू श्रीमती तनुश्री शंकर और उनकी मंडली द्वारा विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी। इसके साथ ही कार्यशाला के प्रतिभागी भी 7 दिनों में सीखे गए अपने अनुभवों और रचनात्मक कार्यों का प्रदर्शन करेंगे। उद्घाटन समारोह आज प्रातः 10:00 बजे उदय शंकर नाट्य अकादमी, अल्मोड़ा में आयोजित किया गया है।

Exit mobile version