अल्मोड़ा: उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में वन्य जीवों की आबादी वाले इलाकों में दस्तक लगातार बढ़ती जा रही है। एक ऐसा ही मामला अल्मोड़ा से सामने आया है।
पेड़ पर चढ़ा गुलदार
जानकारी के अनुसार प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ब्राइट एंड कॉर्नर के पास से सामने आया है, जहाँ दिनदहाड़े एक गुलदार (तेंदुआ) ऊंचे चीड़ के पेड़ पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि गुलदार एक बंदर का शिकार करने के इरादे से पेड़ की फुनगी तक जा पहुँचा। सड़क किनारे ऊंचे पेड़ पर गुलदार को देखकर वहाँ से गुजर रहे राहगीरों और पर्यटकों में कौतूहल मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सड़क से बिल्कुल सटीक लगे पेड़ पर गुलदार की इस हरकत को देखकर लोग अपनी गाड़ियाँ रोककर इस नज़ारे को कैमरे में कैद करने लगे। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बढ़ रही इंसानी आबादी में आमद
दिन के उजाले में मुख्य मार्ग के इतने पास गुलदार के दिखने से जहाँ एक तरफ पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए यह कौतूहल का विषय बना हुआ है, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि आए दिन गुलदार आबादी वाले क्षेत्रों में दिखाई दे रहे हैं, जिससे कभी भी कोई बड़ी अप्रिय घटना घट सकती है। स्थानीय जनता ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
