Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: उदय शंकर की धरती पर सजा कला का संगम, रंगमंच व फिल्म निर्माण कार्यशाला का भव्य समापन, तनुश्री शंकर की प्रस्तुति ने मोहा मन

अल्मोड़ा: पं. गोविंद बल्लभ पंत राजकीय संग्रहालय और संस्कृति विभाग, उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में महान नृत्य व कला साधक गुरु उदय शंकर की स्मृति को समर्पित सात दिवसीय रंगमंच एवं फिल्म निर्माण कार्यशाला का आज रविवार को उदय शंकर नाट्य अकादमी में भव्य समापन हो गया है।

इस मौके पर विधायक मनोज तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। समापन समारोह में कला व संस्कृति प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी। सात दिनों तक चले इस प्रशिक्षण शिविर में 40 प्रतिभागियों ने अभिनय, पटकथा लेखन, कैमरा, फिल्म और डॉक्यूमेंट्री निर्माण की बारीकियां सीखीं। समापन अवसर पर इन प्रतिभागियों ने ‘कहानी राजा सुथी लाल की’ पर आधारित नाट्य प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। इस प्रस्तुति का निर्देशन श्री कैलाश कांडवाल, श्री शुभम शर्मा एवं श्री अभिषेक डोभाल के मार्गदर्शन में किया गया था।

प्रस्तुतियों ने मोहा मन

समारोह में भातखंडे संगीत महाविद्यालय के कलाकारों ने शास्त्रीय संगीत की सुमधुर प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद गुरु उदय शंकर की पुत्रवधू व प्रसिद्ध कलाकार श्रीमती तनुश्री शंकर तथा कोलकाता से आई उनकी मंडली द्वारा दी गई विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर आयोजकों द्वारा श्रीमती तनुश्री शंकर को अल्मोड़ा की प्रसिद्ध तांबे से निर्मित गोलू देवता की प्रतिमा स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट की गई।

रहे उपस्थित

इस समारोह में अल्मोड़ा मेयर अजय वर्मा, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट व गोविंद सिंह पिलख्वाल, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के अध्यक्ष पी.सी. तिवारी, प्रो. शेखर जोशी, वसुधा पंत, डॉ. दीपा गुप्ता, कार्यक्रम क्यूरेटर हिमांशु धरमोरा, संग्रहालय निदेशक जयन्ती खाती, संस्कृति विभाग के जनमेजय तिवारी, कल्याण मनकोटी, संदीप ठाकुर, मनोज गुप्ता सहित कई वरिष्ठ कलाकार, रंगकर्मी व अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version