Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: जागेश्वर में आस्था और स्वरोजगार का संगम, जागेश्वर मेले में महिलाओं के हुनर के मुरीद हुए सीएम धामी

अल्मोड़ा: विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में आज आस्था, लोक संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का एक अनूठा संगम देखने को मिला। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जागेश्वर मंदिर में ऐतिहासिक ‘श्रावणी मेले’ का विधिवत उद्घाटन किया।

वृक्षारोपण कार्यक्रम

इसके साथ ही उत्तराखंड के लोक पर्व ‘हरेला’ के उपलक्ष्य में आयोजित हरेला महोत्सव के तहत एक वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर गरुड़ाबाज में जन-समस्याओं के समाधान और योजनाओं को सीधे जनता तक पहुँचाने के लिए ‘सेवा सुशासन समर्पण: जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा सुसज्जित स्टॉल लगाए गए। मेले के दौरान मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के स्टॉल पर विशेष समय बिताया।

की सराहना

वहीं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने मुख्यमंत्री के समक्ष उत्तराखंड की पारंपरिक कला ‘ऐपण’ (Aipan Painting) और ‘रिंगाल हस्तशिल्प’ (टोकरी बुनाई) का सजीव (Live) प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने महिलाओं के इस हुनर और उनके आत्मविश्वास को देखकर बेहद प्रभावित हुए और ग्रामोत्थान परियोजना के कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की। महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए इन पारंपरिक उत्पादों को लोगों ने हाथों-हाथ लिया। स्टॉल पर महिलाओं ने महज कुछ ही घंटों के भीतर कुल ₹18,726 का शानदार व्यवसाय किया, जो महिला सशक्तिकरण की एक बेहतरीन मिसाल है।

ग्रामीण महिलाओं ने ली विभागीय योजनाओं की जानकारी

इस भव्य कार्यक्रम में ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना से जुड़ी क्षेत्र की 600 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। महिलाओं ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों पर जाकर सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी व स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की, जिससे वे भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें।

रहे मौजूद

इस कार्यक्रम में क्षेत्र के विकास और लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए कई वरिष्ठ जन-प्रतिनिधि और आला अधिकारी मौजूद रहे। जिसमें अजय टम्टा (माननीय केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री), डॉ0 धन सिंह रावत (माननीय सहकारिता मंत्री, उत्तराखंड), मोहन सिंह मेहरा (माननीय विधायक, जागेश्वर), जिलाधिकारी अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी (CDO), परियोजना निदेशक (D.R.D.A.), जिला परियोजना प्रबंधक (रीप) सहित सभी जनपद स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहें।

Exit mobile version