Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: मल्ला महल में लोकसंस्कृति का संगम: विकास भारद्वाज के सुरों से सजी जय गोल्ज्यू महोत्सव की चौथी शाम, झूमे दर्शक

​अल्मोड़ा: ऐतिहासिक मल्ला महल परिसर में आयोजित सात दिवसीय ‘जय गोल्ज्यू महोत्सव 2026’ के चतुर्थ दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जबरदस्त धूम देखने को मिली।

कलाकारों ने बांधा समां

इस अवसर पर विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। महोत्सव के दौरान देश की बहुरंगी लोकसंस्कृति, पारंपरिक लोकनृत्य और सुरीले संगीत का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है। इस महोत्सव के चौथे दिन असम, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और मेजबान उत्तराखंड के लोककलाकारों ने अपनी-अपनी पारंपरिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। अलग-अलग राज्यों से आई सांस्कृतिक टोलियों ने दर्शकों को भारत की विविधता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया। वहीं, उत्तराखंड के स्थानीय कलाकारों ने भी एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दी।


​स्टार नाइट में विकास भारद्वाज की प्रस्तुतियां

​महोत्सव की मुख्य आकर्षण रही ‘स्टार नाइट’, जिसमें बॉलीवुड गायक विकास भारद्वाज ने अपनी सुरीली गायकी से समां बांध दिया। उनके गीतों पर पूरा मल्ला महल परिसर उत्साह और संगीत की उमंग से सराबोर हो उठा। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।


​रहें मुख्य अतिथि


​कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने शिरकत की। अति विशिष्ट अतिथियों में भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, राज्यमंत्री गोविन्द पिलख्वाल, राज्यमंत्री कुन्दन लटवाल तथा हवालबाग की ब्लॉक प्रमुख हिमानी कुंडू उपस्थित रहे। इसके अलावा कार्यक्रम में एडवोकेट आजाद खान, दीप्ति सोनकर, जगदीश चौहान, जगदीश नगरकोटी, विपिन भट्ट, अरुण वर्मा, भरतभूषण कुंडू, कैलाश गुरुरानी, संजय जोशी, प्रसिद्ध यूट्यूबर रीत मेहता और कंटेंट क्रिएटर गौरव थापा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।


​लोकआस्था को नई पहचान

​आयोजकों के अनुसार, जय गोल्ज्यू महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं बल्कि हमारी लोकआस्था, परंपराओं और सामाजिक एकता का उत्सव है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है। साथ ही, इससे अल्मोड़ा की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन पहचान को एक नई ऊर्जा और दिशा मिल रही है।

Exit mobile version