Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: नगर में निर्माणाधीन इमारत में छिपे गुलदार ने कारपेंटर पर किया हमला,सिर में आए 25 टांके

अल्मोड़ा जिले से जुड़ी खबर सामने आई है। नगर से सटे रिहायशी इलाके में निर्माणाधीन इमारत में छिपे गुलदार ने कार्य को पहुंचे कारपेंटर पर हमला कर दिया। गुलदार के हमले से कारपेंटर बुरी तरह घायल हो गया। गुलदार के मजबूत जबड़ों से उसके सिर पर गहरे घाव हो गए। इस दौरान अस्पताल में उसे 25 टांके लगाने के साथ उपचार किया गया।

आंगन में खड़े सुरेंद्र सिंह पर गुलदार ने किया हमला

ब्राइट एंड कार्नर स्थित रामकृष्ण कुटीर में भवन निर्माण का कार्य चल रहा है। रविवार को निर्माणाधीन दो मंजिला भवन के नीचे वाला कमरा खुला हुआ था, जबकि ऊपर के कमरे में श्रमिक रह रहे थे। सुबह 10 बजे कारपेंटर का कार्य करने वाले नियाजगंज निवासी सुरेंद्र सिंह काम के लिए यहां पहुंचे। उसने अपने सहयोगी को नीचे कमरे में सामान लेने भेजा। सहयोगी बाहर वाले कमरे में था तो अंदर दूसरे कमरे से उसे कुछ आवाज आई। इस दौरान वह डरकर वहां से भाग गया। शोर के बीच अंदर वाले कमरे में छिपा एक गुलदार तेजी से बाहर निकला और आंगन में खड़े सुरेंद्र सिंह पर हमला कर दिया। उसके सिर में दांत और पंजे मार दिए। अन्य साथियों और आस-पास के लोगों के शोर मचाने पर गुलदार वहां से भाग निकला। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

सुरेंद्र सिंह को गुलदार ने बुरी तरह किया घायल

सहयोगी और आस-पास के लोग जख्मी हालत में सुरेंद्र को लेकर बेस अस्पताल पहुंचे। उसके सिर, गर्दन में गुलदार के हमले से गहरे घाव हो गए। अस्पताल में सुरेंद्र को 25 टांके आए। गुलदार के हमले से घायल सुरेंद्र की जान बाल-बाल बच गई।

गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग

मालूम हो कि क्षेत्र भर में गुलदार का भयंकर आतंक बना हुआ है। मुख्यालय के खत्याड़ी, ढूंगाधारा, बाड़ी, लमगड़ा के सिरौनिया और आस-पास के क्षेत्रों में लगातार गुलदारों ने लोगों की समस्या बढ़ा दी है। लोगों ने वन विभाग से गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।

गुलदार को पकड़ने के लिए टीम लगातार कर रही है गश्त

मोहन राम आर्या, वन क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा ने बताया कि गुलदार को पकड़ने के लिए टीम भेज दी गई है। टीम लगातार गश्त कर रही है।

Exit mobile version