Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: आगामी निर्वाचन को लेकर सीडीओ की अध्यक्षता में हुई राजनीतिक दलों की बैठक, 5 से 19 अक्टूबर तक होगी EVM की FLC

अल्मोड़ा: मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी निर्वाचन के दृष्टिगत ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) एवं विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन को लेकर जनपद के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं उनके द्वारा नामित बीएलए-1 के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक का आयोजन

जिसमें मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि ईवीएम मशीनों की एफएलसी भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नियमों, दिशा-निर्देशों एवं संबंधित मैनुअल में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगामी 05 अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2026 तक संपन्न की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने जांच प्रक्रिया के दौरान सभी नामित सदस्यों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने तथा पूरी प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।उन्होंने बताया कि एफएलसी के दौरान ईवीएम की कार्यप्रणाली, कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट सहित संबंधित उपकरणों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार परीक्षण किया जाएगा। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एफएलसी की प्रक्रिया एवं व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए उनसे आवश्यक सहयोग की अपेक्षा की गई।

की चर्चा

बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतर्गत मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाए जाने को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है तथा इनके निस्तारण की कार्रवाई 28 सितम्बर 2026 तक पूर्ण की जाएगी। इसके साथ ही अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 03 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनपद अल्मोड़ा में पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आलेख्य प्रकाशन अवधि में प्रारूप-6, 7 एवं 8 के तहत कुल 12,527 दावे एवं आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। इनमें नए नाम जोड़ने हेतु प्रारूप-6 के तहत 6,604, नाम विलोपन हेतु प्रारूप-7 के तहत 3,073 तथा संशोधन हेतु प्रारूप-8 के तहत 2,850 आवेदन प्राप्त हुए हैं। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने एसआईआर के दौरान आने वाली विभिन्न समस्याओं एवं प्रक्रियात्मक विषयों से अधिकारियों को अवगत कराया तथा आवश्यक सुझाव प्रस्तुत किए। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त समस्याओं का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता का विशेष ध्यान रखा जाए।

रहें उपस्थित

बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी भरत सिंह रावत, कैलाश गुरुरानी, पूरन रौतेला सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version