Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: बेस अस्पताल के डॉक्टरों का चमत्कार, जन्म पर न सांस थी न धड़कन, 35 दिन चले इलाज के बाद नवजात को मिला नया जीवन

​अल्मोड़ा: अल्मोड़ा के बेस अस्पताल में चिकित्सकों और एनआईसीयू (NICU) टीम ने चिकित्सा जगत में एक मिसाल पेश करते हुए अंसभव सी दिखने वाली चुनौती को संभव कर दिखाया है।

मिला नया जीवन

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जन्म के समय न तो सांस चल रही थी और न ही हृदय गति (हार्ट बीट) मिल रही थी। महज 1.42 किलोग्राम वजन के प्री-मैच्योर (समयपूर्व) जन्मे इस नवजात की स्थिति अत्यंत नाजुक थी और उसके जीवन पर गंभीर संकट मंडरा रहा था। लेकिन, डॉक्टरों के अदम्य साहस और समर्पण से बच्चे को पुनर्जीवन मिल गया है। बेस अस्पताल के बाल रोग विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. सुमित जीना ने बताया कि गर्भावस्था के 32.5 सप्ताह में गंभीर ‘प्लेसेंटा एब्रप्शन’ के चलते इस शिशु का जन्म हुआ था। जन्म के वक्त उसकी हालत बेहद गंभीर थी। जिसमें कार्ड ब्लड पीएच 6.67 दर्ज किया गया। शिशु हाइपॉक्सिक इस्केमिक एन्सेफैलोपैथी (HIE) के गंभीर स्टेज-3 से पीड़ित था। जन्म के तुरंत बाद सांस लेने में अत्यधिक परेशानी के कारण उसे तुरंत वेंटिलेटर पर रखना पड़ा।

​सेप्सिस की चपेट में आने से बढ़ी मुश्किलें

​इलाज के दौरान नवजात गंभीर ‘सेप्सिस’ की चपेट में भी आ गया। लंबे समय तक वेंटिलेटर सपोर्ट और गहन चिकित्सा निगरानी के बीच एनआईसीयू की टीम ने एक पल के लिए भी उम्मीद नहीं छोड़ी। करीब 35 दिनों तक चले इस बेहद चुनौतीपूर्ण उपचार में डॉक्टरों ने आपसी समन्वय की मिसाल पेश की।

रहीं भूमिका

इस पूरी प्रक्रिया में डॉ. अमित कुमार सिंह, डॉ. ज्योति, डॉ. गौरव, डॉ. नौशीन, डॉ. हर्ष और डॉ. जयवीर की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही।

Exit mobile version