Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: विश्व फोटोग्राफी दिवस पर आयोजित हुई गोष्ठी, पिघलते ग्लेशियरों पर जताई चिंता, ‘तपोवन-गंगोत्री’ स्लाइड शो रहा मुख्य आकर्षण का केंद्र

अल्मोड़ा: विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर 19 अगस्त को हिमालय जैफर गैलरी में ‘उदय शंकर फोटोग्राफी अकादमी’ द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन

इस कार्यक्रम में अकादमी के सदस्यों के साथ-साथ नगर के कई गणमान्य नागरिकों और छायाकार प्रेमियों ने सहभागिता की। इस कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के सचिव जयमित्र सिंह बिष्ट द्वारा किया गया। समारोह के प्रारंभ में विश्व प्रसिद्ध छायाकार रघु राय एवं प्रख्यात पर्वतारोही निर्मल पुर्जा को श्रद्धांजलि दी गई। सचिव जयमित्र सिंह बिष्ट ने रघु राय के फोटोग्राफी योगदान और पर्वतारोही निर्मल पुर्जा के साहसिक आरोहण कीर्तिमानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान पाकिस्तान क्षेत्र में ब्रॉड पीक के पास हिमस्खलन में निर्मल पुर्जा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया गया। जिसमें अपने संबोधन में कहा कि फोटोग्राफी केवल एक कला नहीं, बल्कि समाज, संस्कृति, प्रकृति और पर्यावरण को समझने और उन्हें संरक्षित करने का एक महत्वपूर्ण सशक्त माध्यम है। अकादमी के अध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह मिराल ने हिमालयी क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन के अपने लंबे अनुभवों को साझा करते हुए ग्लेशियरों के तेजी से पिघलने की गति पर चिंता जताई और अपने फोटोग्राफी अनुभवों को सभी के सामने रखा। गोष्ठी के दौरान उत्तराखंड में पर्यटन की वर्तमान स्थिति और सड़कों के निर्माण से हिमालयी क्षेत्रों की नाजुक पारिस्थितिकी तथा पर्यावरण पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभावों पर भी गंभीर मंथन किया गया।


तपोवन–गंगोत्री स्लाइड शो

अकादमी के उपाध्यक्ष चेतन कपूर द्वारा प्रस्तुत किया गया “तपोवन–गंगोत्री” स्लाइड शो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। इसमें गंगोत्री घाटी से तपोवन तक की यात्रा, प्राकृतिक सौंदर्य और हिमालयी परिदृश्य के विभिन्न अनुभवों को तस्वीरों के माध्यम से जीवंत रूप में दर्शाया गया। देवेश बिष्ट द्वारा प्रस्तुत हिमालयी छायाचित्रों और वीरेंद्र सिंह सिजवाली की उत्कृष्ट कविताओं के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

रहें उपस्थित

​इस अवसर पर सारांश मंगोली, डॉ. महेंद्र सिंह मिराल, देवेश बिष्ट, वीरेंद्र सिंह सिज़वाली, भारत साह, क्रांति जोशी, भूपेंद्र मोहन पंत, मयंक कपकोटी, हेम रौतेला, गोकुल शाही, रमीज खान, वैभव जोशी सहित कई लोग उपस्थित रहे।

Exit mobile version