Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: पहली बार ससुराल आए दामाद ने पत्नी के साथ मिलकर ससुर को उतारा मौत के घाट, बेटी-दामाद फरार, जांच में जुटी पुलिस

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिले के दन्यां क्षेत्र स्थित सेली गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां रहने वाले चंद्रशेखर पांडे की गंभीर रूप से घायल होने के बाद हल्द्वानी ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।

घायल ग्रामीण की मौत

मिली जानकारी के अनुसार बीते शनिवार देर रात चंद्रशेखर पांडे अपने घर में गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान अवस्था में मिले। घर से शोरगुल सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए अल्मोड़ा अस्पताल ले गए। वहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हल्द्वानी रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों के मुताबिक, मृतक के सिर पर गहरे घाव थे और शरीर के कई हिस्सों में फ्रैक्चर के निशान मिले हैं। आरोप है कि मृतक की बेटी और दामाद ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद से ही दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
​जांच कर रही पुलिस

​ग्रामीणों ने बताया कि घटना से कुछ घंटे पहले ही चंद्रशेखर की बेटी जानकी और उसका पति (दामाद) सेली गांव पहुंचे थे। जानकी का विवाह करीब दो महीने पहले ही हरियाणा के एक युवक से हुआ था और दामाद पहली बार अपनी ससुराल आया था। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि करीब एक महीने पहले दामाद ने फोन पर अपने ससुर (चंद्रशेखर) को जान से मारने की धमकी दी थी। घटना के बाद से ही बेटी और दामाद दोनों घर से गायब हैं, जिससे उन पर शक गहरा गया है। घटना के बाद से पूरे सेली गांव में दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version