अल्मोड़ा: अल्मोड़ाजनपद के फलसीमा निवासी एक निर्धन परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। 23 वर्षीय कौशल बिष्ट एक ऐसी गंभीर और दुर्लभ बीमारी की चपेट में है।
इस बीमारी से जूझ रहा युवक
जानकारी के अनुसार इस बीमारी से युवक की आंखों की पलकें तक झपकना बंद हो गई हैं। आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार ने अब जन-सामान्य और जनप्रतिनिधियों से मदद की गुहार लगाई है। कौशल के परिजनों के अनुसार, वह ‘लैगोफथाल्मोस’ जैसी जटिल स्थिति से जूझ रहा है। इस बीमारी के कारण उसकी आंखें हर समय खुली रहती हैं, जिससे आंखों के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ़ गया है। साथ ही युवक के दिमाग में सूजन है, जिसके चलते उसने बोलना बंद कर दिया है और वह अत्यधिक दुर्बल होता जा रहा है।
दस्तावेजों के अभाव में सरकारी मदद से वंचित युवक
बताया कि अत्यंत निर्धन होने के बावजूद इस श्रमिक परिवार के पास कौशल का आधार कार्ड उपलब्ध नहीं है। आधार कार्ड न होने के कारण उसका आयुष्मान कार्ड भी नहीं बन पाया है, जिससे उसे सरकारी मुफ्त इलाज का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कौशल के पिता एक दैनिक श्रमिक हैं और भाई गौरव बिष्ट अल्मोड़ा बाजार में छोटी-मोटी नौकरी कर घर चलाने का प्रयास कर रहे हैं। परिजनों ने स्थानीय स्तर पर और हल्द्वानी में कौशल का इलाज कराया, लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि स्थिति बेहद जटिल है। उसे किसी उच्च केंद्र (जैसे दिल्ली के एम्स) में ले जाने की आवश्यकता है। आर्थिक स्थिति आड़े आने के कारण परिजन उसे वापस अल्मोड़ा बेस अस्पताल ले आए हैं।
मदद की अपील
कौशल के भाई गौरव बिष्ट ने समाज के संपन्न लोगों और जनप्रतिनिधियों से आर्थिक सहयोग और मार्गदर्शन की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि थोड़ी भी आर्थिक मदद मिल जाए, तो वे अपने भाई को बड़े अस्पताल ले जा सकेंगे। परिवार की मदद करने के इच्छुक व्यक्ति सीधे गौरव बिष्ट से उनके गूगल पे (Google Pay) नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
• संपर्क/जीपे नंबर: 7983296389
खबरी बाॅक्स की ओर से भी आप सभी लोगों से विनम्र निवेदन है कि छोटी से छोटी जितनी भी हो सके, पीड़ित युवक की मदद को आगे आए।