अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिले में समाज कल्याण विभाग से पेंशन और छात्रवृत्ति पाने वाले सभी लाभार्थियों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है।
दी यह जानकारी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब सभी पेंशन और छात्रवृत्ति योजनाएं डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के तहत पूरी तरह आधार-बेस्ड पेमेंट सिस्टम से जोड़ी जा रही हैं।
समाज कल्याण अधिकारी शैलेन्द्र पाण्डे ने जानकारी दी है कि जिन वृद्धावस्था, दिव्यांग और विधवा पेंशनर्स या छात्र-छात्राओं की पेंशन/छात्रवृत्ति की राशि आधार सीडिंग न होने की वजह से रुक गई है, वे जल्द से जल्द अपनी संबंधित बैंक शाखा में जाएं। लाभार्थी अपने बैंक खाते को अनिवार्य रूप से डीबीटी इनेबल (DBT Enable) करवा लें, ताकि सरकारी सहायता उनके खातों में बिना किसी रुकावट के पहुंच सके।
करना होगा यह काम
• बैंक में आधार सीडिंग: अपने बैंक खाते को आधार से लिंक और डीबीटी इनेबल कराएं।
• सूची की जांच: जिन लोगों के खाते डीबीटी इनेबल नहीं हैं, उनके नामों की सूची संबंधित विकास खंड कार्यालय और जिला समाज कल्याण कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी गई है।
• विभाग को सूचना दें: बैंक में प्रक्रिया पूरी करने के बाद, इसकी जानकारी अपने क्षेत्र के विकास खंड में तैनात सहायक समाज कल्याण अधिकारी या जिला समाज कल्याण कार्यालय, अल्मोड़ा को देना अनिवार्य है।