अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के सफल संचालन को लेकर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शुक्रवार को संबंधित अधिकारियों, निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों , सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं नामित नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक का आयोजन
जिसमें कलेक्ट्रेट के वीसी कक्ष में हुई इस बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार जनपद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ संपादित किया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रत्येक चरण की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि 29 मई से 7 जून 2026 तक गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग एवं कार्मिकों के प्रशिक्षण संबंधी कार्य संपन्न किए जाएंगे। इसके उपरांत 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक BLO द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अपने अपने अधीनस्थ BLO का प्रशिक्षण सम्पन्न करें।
लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं त्रुटिरहित तैयार होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हो तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि या शिकायत का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट रोल का प्रकाशन होगा। दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त नोटिस जारी करने एवं दावे-आपत्तियों के निस्तारण की कार्यवाही माह जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक चलेगी तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप कार्य करने तथा पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि जहां जहां मतदाताओं की मैपिंग अवशेष है, उसको पूरा किया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि अपनी अपनी जिम्मेदारी को जान लें, कार्यों में शिथिलता या लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रहें उपस्थित
बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, नगर आयुक्त नगर निगम अल्मोड़ा सीमा विश्वकर्मा, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, भनोली सौम्या गर्ब्याल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे तथा दूरस्थ क्षेत्रों के उपजिलाधिकारी तथा विभागीय अधिकारियों ने वर्चुअली रूप से प्रतिभाग किया।