Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई: विधिक सेवा प्राधिकरण और परिवहन विभाग का संयुक्त अभियान, 18 के चालान और एक सीज

​अल्मोड़ा: उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष योगेश कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में जनपद में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।

किया निरीक्षण

इस मौके पर’स्टेट वाइड वन वीक इंटेंसिव इंस्पेक्शन ड्राइव’ (16 से 22 नवंबर) के तहत गुरुवार को प्राधिकरण की सचिव अनामिका सिंह, परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने लोधिया चेकपोस्ट और सोमेश्वर क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। अभियान के दौरान स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाली बसों, वैन सहित अन्य यात्री वाहनों की गहन जांच की गई। टीम ने वाहनों की आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस, प्रदूषण प्रमाण पत्र, फिटनेस और परमिट की वैधता जांची। इसके साथ ही स्कूली वाहनों में ओवरलोडिंग, प्राथमिक उपचार बॉक्स (फर्स्ट एड बॉक्स) में निर्धारित दवाओं की उपलब्धता और अग्निशामक यंत्रों की स्थिति का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया।
​
इतने वाहनों की जांच

अभियान के तहत कुल 40 वाहनों की जांच की गई, जिनमें नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 18 वाहनों के चालान काटे गए, जबकि गंभीर अनियमितता पर एक वाहन को सीज कर दिया गया। इस दौरान अधिकारियों ने स्कूल वाहन चालकों को बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
​
रहें शामिल

संयुक्त निरीक्षण दल में एआरटीओ रश्मि भट्ट, एआरटीओ अखिलेश चौहान, यातायात पुलिस से दिनेश परिहार, तालिक हुसैन और इंदर भंडारी शामिल रहे।

Exit mobile version