अल्मोड़ा: मतदान के बाद चाय की दुकानों में जीत के आंकड़ों पर बहस शुरू

अल्मोड़ा में विधानसभा चुनाव 2022 के मतदान संपन्न होने के बाद अब ग्रामीण व पार्टी समर्थकों के मध्य चाय की दुकानों पर हार जीत के आंकड़ों पर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

कांग्रेसी,भाजपाई समर्थक कर रहे हैं अपनी-अपनी जीत का दावा

अल्मोड़ा जिले के छह विधानसभा क्षेत्र में 14 फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव के मतदान के बाद अब पार्टी समर्थकों में चुनावी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। क्षेत्र के हर गली मोहल्लों में जहां भी चाय की दुकानों पर दो चार लोग जमा होने लगते हैं वहीं पर चुनावी हार जीत के आंकड़ों पर चर्चाएं एवं जीत के दावे शुरू हो गए हैं। समर्थकों के दावेदारों के दांव पर गौर करें तो अल्मोड़ा विधानसभा से कांग्रेसी, भाजपाई समर्थक अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे है।

10 मार्च को आएगा परिणाम

हालांकि प्रत्याशियों की हार जीत का परिणाम आगामी 10 मार्च को सामने आ जाएगा। लेकिन पार्टी प्रत्याशियों के समर्थक अपने नेता की जीत पर बड़ी-बड़ी शर्तें अभी से लगाने शुरू हो गए हैं। जहां भाजपा समर्थक प्रदेश में 60 का आंकड़ा पार होने की बात कह रहे हैं वहीं कांग्रेसी प्रदेश में सरकार बनाने का दावा ठोक रहे हैं।