Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: पीएमजीएसवाई सड़क निर्माण में मनमानी, ग्राम माल में काश्तकारों की भूमि जबरन काटने का आरोप, डीएम को ज्ञापन सौंपकर जांच व कार्रवाई की उठाई मांग

अल्मोड़ा: प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत सड़क निर्माण में मनमानी का गंभीर मामला सामने आया है। विकासखंड हवालबाग के ग्राम पंचायत माल में काश्तकारों ने सड़क निर्माण के नाम पर अन्य किसानों की उपजाऊ भूमि जबरन काटने का आरोप लगाया है।

सौंपा पत्र

इस संबंध में पीड़ित काश्तकारों ने जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की गुहार लगाई है।
​ग्राम माल निवासी गोविंद सिंह अधिकारी द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में बताया गया है कि सड़क निर्माण का कार्य प्रांतीय खंड लोनिवि अल्मोड़ा द्वारा किया जा रहा है। प्रथम चरण (कोड़) के दौरान सड़क के सर्वे में खेत संख्या 5021, 5022 और 5023 की भूमि अधिग्रहीत की गई थी। हालांकि, अब द्वितीय चरण (कोड़) व सोलिंग का कार्य पीएमजीएसवाई हवालबाग द्वारा कराया जा रहा है। आरोप है कि अधिग्रहीत खेत संख्या 5021 (रकबा 0.011 हेक्टेयर) पर संबंधित भू-स्वामी द्वारा सुरक्षा दीवार बना दी गई है। इसके चलते विभागीय कर्मचारी अन्य काश्तकारों के खेतों में अधिक कटान कर सोलिंग का कार्य कर रहे हैं। योजना से इतर हो रहे इस कटान के कारण क्षेत्र में विवाद की स्थिति बन गई है और अन्य किसानों की भूमि को भारी नुकसान पहुंच रहा है।
​
दी यह चेतावनी

काश्तकार ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते स्थल का पुन: निरीक्षण कर सही कार्रवाई नहीं की गई, तो स्थानीय किसान अपनी कीमती और उपजाऊ भूमि से वंचित हो जाएंगे। उन्होंने डीएम से मांग की है कि मामले का संज्ञान लेते हुए तुरंत जांच के आदेश दिए जाएं।

Exit mobile version