अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। ग्रीन हिल्स संस्था की ओर से अल्मोड़ा लिटरेचर फेस्टिवल-2025 का आयोजन किया जाएगा।
दी यह जानकारी
इस संबंध में बीते कल शनिवार को आयोजन को लेकर एक प्रेसवार्ता हुई। जिसमें अध्यक्षा डॉ. वसुधा पंत ने आयोजन के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 10 से 12 अक्तूबर तक मल्ला महल में यह फेस्टिवल आयोजित होगा। इसमें देश भर से कलाकार, लेखक, संगीतज्ञ, वक्ता और कवि प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने कहा कि तीन दिन तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से विचारों का आदान-प्रदान करना है।
आज कुकिंग प्रतियोगिता का आयोजन
बताया कि महोत्सव के तहत आज 17 अगस्त को शिखर होटल के सभागार में महिलाओं की कुकिंग प्रतियोगिता होगी। इसके बाद बच्चों के लिए अल्मोड़ा की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक धरोहर विषय पर कला प्रदर्शनी, एकल कुमाऊंनी गीत गायन, मौलिक कविता एवं कहानी लेखन प्रतियोगिता, महिलाओं के लिए कुमाऊंनी लोक गीत, समूह गायन एवं ऐपण, कला प्रतियोगिताएं भी होंगी।
रहें मौजूद
इस अवसर पर संयोजक विनायक पंत, कोर कमेटी के सदस्य डाॅ. दीपा गुप्ता, राजेश बिष्ट, मनमोहन चौधरी, जयमित्र बिष्ट, मनोज गुप्ता, भूषण पांडे, सलाहकार प्रभात साह, मीनाक्षी पाठक, दीपक जोशी, आदित्य बोरा, नीरज पांगती, क्रांति जोशी, तनूजा आदि मौजूद रहे।