अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा के आकांक्षी विकास खंड स्याल्दे ने मृदा स्वास्थ्य कार्ड निर्माण में राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है।
लक्ष्य को निर्धारित समय से पहले किया पूर्ण
इस संबंध में ब्लॉक समन्वयक गोविंद सिंह डसीला ने बताया कि जनपद अल्मोड़ा के आकांक्षी विकास खंड स्याल्दे ने जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी के नेतृत्व में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। नीति आयोग द्वारा निर्धारित सूचकांक “मृदा स्वास्थ्य कार्ड निर्माण में मृदा नमूना संग्रह लक्ष्य के प्रतिशत” में स्याल्दे ने राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। कहा कि सम्पूर्णता अभियान के तहत इस लक्ष्य को 31 सितम्बर 2024 तक प्राप्त करना था, लेकिन स्याल्दे विकास खंड ने इस लक्ष्य को निर्धारित समय से पहले ही पूर्ण कर लिया।
यह सफलता पूरे राज्य के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम
यह अद्वितीय उपलब्धि न केवल स्याल्दे खंड के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे राज्य के लिए एक प्रेरणास्त्रोत भी है। मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी की प्रबंधन कुशलता ने इस लक्ष्य को समय पूर्व हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस सफलता का सीधा सकारात्मक प्रभाव किसानों पर पड़ेगा, जिन्हें अब मृदा स्वास्थ्य कार्ड के माध्यम से अपनी भूमि की गुणवत्ता सुधारने और कृषि उत्पादन में वृद्धि करने का मार्गदर्शन मिलेगा। कहा यह सफलता न केवल स्यालदे खंड बल्कि पूरे राज्य के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है और अन्य विकास खंडों के लिए भी प्रेरणास्त्रोत बनेगा।