Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: सजने लगा बेतालेश्वर धाम: स्वच्छता और भव्यता के साथ मनाया जाएगा आगामी वैशाखी मेला

अल्मोड़ा: बेतालेश्वर मंदिर सेवा समिति, अल्मोड़ा की मासिक बैठक रविवार को मंदिर परिसर में संपन्न हुई। बैठक में आगामी 14 अप्रैल से शुरू होने वाले वैशाख मेले की व्यवस्थाओं और मंदिर के विकास कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

मेले की भव्यता और स्वच्छता पर दिया जोर

​समिति ने निर्णय लिया है कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी मई माह में वैशाखी मेला धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। मेले के सफल आयोजन के लिए विभिन्न उप-समितियों का गठन जल्द ही कर लिया जाएगा। समिति ने सभी भक्तों से मंदिर की मर्यादा बनाए रखने और कूड़ा केवल कूड़ेदान में ही डालने की अपील की है। वैशाखी स्नान और जल चढ़ाने के दौरान भक्तों को होने वाली असुविधा को देखते हुए पुरानी व्यवस्थाओं को ही सुचारू रूप से लागू रखने का निर्णय लिया गया।

पर्यटन विभाग से मिला बजट

​बैठक में जानकारी दी गई कि पर्यटन विभाग द्वारा मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 5 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। समिति ने सर्वसम्मति से इस कार्य को युद्ध स्तर पर जल्द से जल्द पूरा करने का निर्णय लिया है।
समिति ने तय किया है कि पंचायत चुनाव में मंदिर से जुड़े जो भी सदस्य या अन्य लोग निर्वाचित हुए हैं, उनके सम्मान में एक भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा।

​रहे उपस्थित

​बैठक श्री राम अवतार की अध्यक्षता और महासचिव दिनेश गोयल के संचालन में हुई। इस बैठक में मंदिर के महंत राहुल गिरी महाराज, पुजारी दिनेश जोशी, मनोज वर्मा, राजेंद्र सिंह बिष्ट, कैलाश जोशी, हरिकृष्ण कपूर, प्रमोद कुमार, कुंदन सिंह बिष्ट, महेंद्र सिंह रावत, मनीष साह, अनिल कनवाल, और कई अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

Exit mobile version