अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में सोबन सिंह जीना (SSJ) विश्वविद्यालय परिसर में छात्रसंघ चुनाव की मतगणना के दौरान उपाध्यक्ष पद के परिणाम को लेकर जमकर हंगामा हुआ।
हुई रीकाउंटिंग
जिसमें उपाध्यक्ष पद पर महज एक वोट के मामूली अंतर से चुनाव हारे प्रत्याशी ने चुनाव नतीजों पर सवाल उठाते हुए मतगणना स्थल पर विरोध दर्ज कराया और रीकाउंटिंग की मांग पर अड़ गए। हारने वाले प्रत्याशी का तर्क था कि एक वोट का अंतर बेहद कम और संवेदनशील है, इसलिए पारदर्शी प्रक्रिया के तहत एक-एक बैलेट पेपर की दोबारा निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। प्रत्याशी और उनके समर्थकों के भारी विरोध और हंगामे को देखते हुए चुनाव अधिकारियों ने स्थिति को संभाला और उपाध्यक्ष पद के मतों की दोबारा गिनती (रीकाउंटिंग) का फैसला लिया।
दर्ज की जीत
चुनावी घमासान और तीखी खींचतान के बीच आखिरकार उपाध्यक्ष पद का नतीजा सामने आ गया है। कड़े मुकाबले के बाद, भाग्य का फैसला पर्ची सिस्टम (ड्रा ऑफ लॉट्स) के जरिए हुआ, जिसमें सुमित जोशी ने बाजी मारते हुए उपाध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज की है। त्रिकोणीय मुकाबले में पहले यलो आर्मी के प्रत्याशी भाष्कर जोशी ने 959 मत पाकर एक वोट से जीत दर्ज की थी। प्रतिद्वंद्वी सुमित जोशी पुत्र हेमंत जोशी को 958 मत मिले, जबकि सुमित जोशी पुत्र चंद्रशेखर जोशी को 51 मत मिले। एक वोट के अंतर पर हुए हंगामे के बाद दोबारा मतगणना कराई गई। रिकाउंटिंग में दोनों प्रमुख प्रत्याशी बराबरी पर पहुंच गए। इसके बाद लाटरी कराई गई, जिसमें एक वोट से हारने वाले सुमित जोशी पुत्र हेमंत जोशी के पक्ष में परिणाम आया और उन्हें विजेता घोषित किया गया।