अल्मोड़ा: द्वाराहाट के विधायक मदन बिष्ट द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आज शहर में जोरदार प्रदर्शन करते हुए विधायक का पुतला दहन किया और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कहीं यह बात
प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं का कहना था कि लोकतंत्र में विचारधाराओं का मतभेद स्वाभाविक है, लेकिन किसी के परिवार या दिवंगत पूर्वजों पर अमर्यादित टिप्पणी करना भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों के विरुद्ध है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले जनप्रतिनिधियों को भाषा की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए, क्योंकि उनके शब्द समाज पर गहरा असर डालते हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीति में विचारों का संघर्ष होना चाहिए, न कि व्यक्तिगत या पारिवारिक स्तर पर कटाक्ष। उन्होंने विधायक के बयान को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय करार दिया। नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के करोड़ों लोगों की आस्था का प्रतीक हैं। उन्होंने विधायक से मांग की कि वे अपने बयान पर तत्काल सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। साथ ही चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ऐसी भाषा का प्रयोग दोहराया गया, तो भाजपा इससे भी उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।
रहे उपस्थित
इस दौरान पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, नगर महामंत्री अर्जुन बिष्ट, नगर महामंत्री देवेंद्र भट्ट, महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष कमला तिवारी सहित मनोज सनवाल, संदीप श्रीवास्तव, मनोज जोशी, सौरभ वर्मा, इन्द्रमोहन भंडारी, मनोज तिवारी, दीपा अधिकारी, ममता साह, नीरज सांगा, आशीष डोगरा, दीपक भंडारी, कमल वर्मा, रेखा देवी, दीपा जोशी और जगत तिवारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।