अल्मोड़ा: उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत शुक्रवार को धारानौला स्थित गोमती सागर होटल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नगर मंडल अल्मोड़ा की ओर से एक शक्ति केंद्र सम्मेलन का आयोजन किया गया।
सम्मेलन का आयोजन
इस कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य निर्माण में भाजपा की भूमिका, आंदोलनकारियों के संघर्ष और राज्य की विकास यात्रा पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड का निर्माण प्रदेश की जनता के लंबे संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने याद दिलाया कि 1998 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने नए राज्यों के गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया, जिसके परिणामस्वरूप 9 नवंबर 2000 को उत्तरांचल राज्य अस्तित्व में आया। उन्होंने मातृशक्ति, युवाओं और सभी आंदोलनकारियों के योगदान को अविस्मरणीय बताया।
सामूहिक प्रयासों पर जोर
दर्जा राज्य मंत्री ए.के. सिकंदर पवार ने कहा कि राज्य का गठन केवल भौगोलिक पुनर्गठन नहीं, बल्कि पहाड़ की संस्कृति, पहचान और विकास की आकांक्षाओं का सम्मान था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का आह्वान किया।
नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने पलायन, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी चुनौतियों के समाधान के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।
रहें मौजूद
कार्यक्रम का संचालन नगर महामंत्री देवेंद्र भट्ट ने किया। इस दौरान शक्ति केंद्र संयोजक मनोज सनवाल व आशीष कुमार, धर्मवीर आर्या, कमला तिवारी, दीपा अधिकारी, संजय जोशी, श्याम पांडे, इंदर भंडारी, बीना नयाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में नगर अध्यक्ष ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की एकजुटता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।