Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: ब्लड बैंकों की व्यवस्था होगी अब और भी चाक-चौबंद, डीएम ने दिए ‘रेयर ब्लड ग्रुप’ का डेटाबेस बनाने के निर्देश


अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शुक्रवार को जिला अस्पताल और बेस अस्पताल में संचालित ब्लड बैंकों के बेहतर संचालन को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि रक्त की कमी के कारण किसी भी मरीज की जान जोखिम में नहीं पड़नी चाहिए।

आपात स्थिति के लिए ‘रेयर ब्लड ग्रुप’ पर  विशेष फोकस

​इस बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने एक महत्वपूर्ण तकनीकी निर्देश दिया कि जिले में ‘रेयर ब्लड ग्रुप’ (दुर्लभ रक्त समूह) वाले रक्तदाताओं की एक व्यवस्थित और अपडेटेड सूची तैयार की जाए। इसका उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में दुर्लभ रक्त की आवश्यकता होने पर संबंधित दाताओं से तत्काल संपर्क कर जीवन रक्षा सुनिश्चित की जा सकनी है। ब्लड बैंकों में उपलब्ध रक्त के स्टॉक की जानकारी पारदर्शी रखी जाए ताकि तीमारदारों को भटकना न पड़े।

रेड क्रॉस के साथ समन्वय और जन-जागरूकता

​जिलाधिकारी ने रेड क्रॉस सोसाइटी के साथ मिलकर कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक पुण्य कार्य है और इसमें समाज की भागीदारी अनिवार्य है। जिले में नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। युवाओं और आम जनता को रक्तदान के प्रति प्रेरित करने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

मरीजों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता

​समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने ब्लड बैंकों की कार्यप्रणाली और संसाधनों की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ब्लड बैंक में रक्त का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करना और मरीजों को बिना किसी बाधा के समय पर रक्त उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय से इस व्यवस्था को जनहितकारी बनाएं।

रहें उपस्थित

बैठक में प्रिंसिपल राजकीय मेडिकल कॉलेज सीपी भैंसोड़ा, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ योगेश पुरोहित, रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल, यूथ रेडक्रॉस चेयरमैन अमित शाह मोनू सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।

Exit mobile version