Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: विजिलेंस के जाल में फंसा ‘रिश्वतखोर’ लेखाकार,15,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

अल्मोड़ा: उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान के तहत सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) हल्द्वानी की टीम ने बुधवार को एक बड़ी सफलता हासिल की है।

विजिलेंस की कार्यवाही

टीम ने अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा ब्लॉक में तैनात लेखाकार को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार, लमगड़ा ब्लॉक कार्यालय में तैनात हरीश बिष्ट पर एक व्यक्ति के लंबित बिलों के भुगतान को रोकने और उसे पास करने के बदले में रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायतकर्ता ने विजिलेंस को बताया कि उसके जायज बिलों के भुगतान के एवज में लेखाकार द्वारा 15,000 रुपये की डिमांड की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने आरोपों की प्राथमिक जांच की, जो सही पाए गए। इसके बाद हल्द्वानी सेक्टर की एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया। जिसके बाद बुधवार को जैसे ही शिकायतकर्ता ने लेखाकार हरीश बिष्ट को रिश्वत की रकम सौंपी, पहले से तैयार विजिलेंस की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार

​विजिलेंस विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। आरोपी लेखाकार से पूछताछ की जा रही है और उसके आवास व अन्य ठिकानों की भी जांच की जा सकती है ताकि आय से अधिक संपत्ति या अन्य अनियमितताओं का पता लगाया जा सके।

Exit mobile version