अल्मोड़ा: जनपद में त्रिस्तरीय पंचायतों के रिक्त पड़े 856 पदों पर उपचुनाव का बिगुल बज गया है। जिला मजिस्ट्रेट व जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) अंशुल सिंह ने उपचुनाव का पूरा शेड्यूल और तिथियां अधिसूचित कर दी हैं।
तिथियां जारी
इन उपचुनावों में न्यायालय के स्थगन आदेश से बाधित पदों को शामिल नहीं किया गया है। जिसमें जारी कार्यक्रम के अनुसार, अल्मोड़ा में ग्राम पंचायत सदस्य के 854, ग्राम प्रधान का 1 और क्षेत्र पंचायत सदस्य (BDC) का 1 पद शामिल है। ताकुला विकासखंड में ग्राम प्रधान तथा भिकियासैंण में क्षेत्र पंचायत सदस्य के पद पर चुनाव होगा। नामांकन पत्रों की बिक्री संबंधित विकासखंड मुख्यालयों पर शुरू हो चुकी है, जो 1 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक चलेगी। नामांकन दाखिल करने से लेकर मतगणना तक का पूरा कार्यक्रम इस प्रकार है।
• नामांकन पत्र जमा करने की तिथि: 30 सितंबर और 1 अक्टूबर 2026 (सुबह 10:00 से शाम 5:00 बजे तक)
• नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी): 3 अक्टूबर 2026 (सुबह 10:00 बजे से कार्य समाप्ति तक)
• नाम वापसी की अंतिम तिथि: 4 अक्टूबर 2026 (सुबह 10:00 से दोपहर 3:00 बजे तक)
• चुनाव चिन्ह आवंटन: 5 अक्टूबर 2026 (सुबह 10:00 बजे से)
• मतदान तिथि: 12 अक्टूबर 2026 (सुबह 8:00 से शाम 5:00 बजे तक)
• मतगणना एवं परिणाम: 14 अक्टूबर 2026 (सुबह 8:00 बजे से कार्य समाप्ति तक)
विकासखंडवार रिक्त पदों का विवरण (ग्राम पंचायत सदस्य)
ग्राम पंचायत सदस्यों के रिक्त 854 पदों में सबसे अधिक सल्ट विकासखंड में 100 पद खाली हैं। इसके अलावा, ताकुला विकासखंड में ग्राम प्रधान का 1 पद और भिकियासैंण विकासखंड में क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) का 1 पद रिक्त है, जिस पर उपचुनाव होगा।
- ताड़ीखेत: 99
- स्याल्दे: 94
- भिकियासैंण: 92
- द्वाराहाट: 90
- लमगड़ा: 86
- हवालबाग: 68
- ताकुला: 67
- चौखुटिया: 64
- धौलादेवी: 57
- भैंसियाछाना: 37
देखें तिथि
नामांकन पत्रों की बिक्री संबंधित विकासखंड मुख्यालयों पर 26 सितंबर से 30 सितंबर तक कार्यालय समय में तथा 1 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक की जाएगी। नामांकन दाखिल करने, जांच, नाम वापसी, चुनाव चिन्ह आवंटन और मतगणना समेत सभी प्रशासनिक प्रक्रियाएं संबंधित क्षेत्र पंचायत (ब्लॉक) मुख्यालय पर ही संपन्न कराई जाएंगी।