अल्मोड़ा: प्रदेश के कैबिनेट एवं जनपद के प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने अल्मोड़ा भ्रमण के दौरान तलाड़ में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर और खत्याड़ी आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित ‘आँगन मिलन’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
शिविर का आयोजन
इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। तलाड़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में प्रभारी मंत्री ने कहा कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान ग्राम और विकासखंड स्तर पर ही करना है, ताकि उन्हें जिला मुख्यालय के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील होकर कार्य करने और आपसी समन्वय से स्थानीय स्तर पर ही शिकायतों का समाधान करने की हिदायत दी। शिविर के दौरान समाज कल्याण विभाग के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को विभिन्न उपकरण वितरित किए गए। साथ ही, कई लाभार्थियों ने मंच से अपनी सफल उद्यमी यात्रा और स्वरोजगार के अनुभवों को साझा करते हुए सरकारी योजनाओं से मिले सहयोग की जानकारी दी। इसके बाद प्रभारी मंत्री खत्याड़ी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचे, जहां ‘आँगन मिलन’ कार्यक्रम के तहत उन्होंने लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट, गर्भवती महिलाओं को पोषण किट और बच्चों को उपहार बांटे।
रहें उपस्थित
कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, गंगा बिष्ट, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर आर. घोड़के, ब्लॉक प्रमुख हिमानी कुंडू, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा व रघुनाथ सिंह चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।