अल्मोड़ा: कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक रेखा आर्या ने आज सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के वड्यूडा गांव पहुंचकर अतिवृष्टि एवं भूस्खलन से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की।
दिए यह निर्देश
उन्होंने घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी और संकट की इस घड़ी में हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इसके पश्चात कैबिनेट मंत्री ने भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर नुकसान की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री भी वितरित की। कैबिनेट मंत्री ने मौके पर उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ित परिवारों तक प्रत्येक शासकीय सहायता बिना किसी विलंब के पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार और वह स्वयं पूरी संवेदनशीलता एवं मजबूती के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी हैं। राज्य सरकार प्राकृतिक आपदाओं से होने वाली जनहानि और संपत्ति के नुकसान के प्रति गंभीर है। सभी संबंधित अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को नियमानुसार प्रत्येक संभव सहायता अविलंब उपलब्ध कराने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
रहें उपस्थित
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।