Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: कार से गांजा बरामद, एसओजी और पुलिस ने दो तस्कर दबोचे, कीमत 6.48 लाख रुपये, कार सीज

​अल्मोड़ा: जनपद को नशामुक्त बनाने और ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन’ के तहत अल्मोड़ा पुलिस की नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।

पुलिस की कार्यवाही

जिस पर एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशों के क्रम में भतरौजखान पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 25.920 किलोग्राम गांजे के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 6.48 लाख रुपये आंकी गई है। सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष भतरौजखान अवनीश कुमार और एसओजी प्रभारी सुनील धानिक के नेतृत्व में 18 नवंबर को मोहान पुलिस सहायता केंद्र से कुमेरिया मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मारुति स्विफ्ट डिजायर कार (UK 05 B 8787) को रोककर जांच की गई। तलाशी में कार के भीतर रखे तीन कट्टों से क्रमशः 6.458 किलोग्राम, 9.252 किलोग्राम और 10.210 किलोग्राम सहित कुल 25.920 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
​पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त कार को एनडीपीएस एक्ट के तहत सीज कर दिया। थाना भतरौजखान में आरोपियों के विरुद्ध मु0अ0सं0 29/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस बरामद गांजे के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की भी जांच कर रही है।

​आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिल्ला सिंह (34 वर्ष), पुत्र वचन सिंह, निवासी ग्राम मिलक नोखरीद, स्वार, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) और आशीष सिंह (29 वर्ष), पुत्र बलवन्त सिंह, निवासी ग्राम दिगोलीखाल, धुमाकोट, जिला पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बिल्ला सिंह के खिलाफ थाना भतरौजखान में पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा (FIR No- 03/2026) दर्ज है।

​टीम को मिला पुरस्कार

सफल कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल इरशाद उल्ला (एसओजी अल्मोड़ा), हेड कांस्टेबल आनंद त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल देवेंद्र प्रताप और कांस्टेबल विनोद कुमार (थाना भतरौजखान) शामिल रहे। एसएसपी अल्मोड़ा ने सराहनीय कार्य के लिए पुलिस टीम को नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

Exit mobile version