Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: बाड़ेछीना के पास गहरी खाई में गिरी कार, मृतक बुजुर्ग व दो गंभीर रूप से घायल युवकों की शिनाख्त

अल्मोड़ा: अल्मोड़ाजनपद में आज दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां बाड़ेछीना से पिथौरागढ़ की ओर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

कांचुला पुल के पास हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 04 जून 2026 को दोपहर लगभग 02:00 बजे एक हुंडई i10 कार (वाहन संख्या- UK04A-2999) बाड़ेछीना से नाचनी (जनपद- पिथौरागढ़) की तरफ जा रही थी। इसी दौरान कांचुला पुल के समीप अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और लगभग 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के वक्त कार में कुल 3 लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही धौलछीना पुलिस और स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। खाई में गिरे घायलों को निकालने के लिए तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मृतक की पहचान कुंदन सिंह (उम्र लगभग 70 वर्ष), पुत्र महेंद्र बथयाल, निवासी- नाचनी, जनपद पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। वहीं घायलों में गणेश कुमार (उम्र 32 वर्ष), पुत्र भोपाल राम, निवासी- नाचनी, पिथौरागढ़, भूपेंद्र प्रसाद (उम्र 25 वर्ष), पुत्र दीवानी राम, निवासी- नाचनी, पिथौरागढ़ शामिल हैं।

हायर सेंटर रेफर

पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को खाई से निकालकर तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र बाड़ेछीना भेजा गया। डॉक्टरों ने दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बेस अस्पताल अल्मोड़ा रेफर कर दिया है।

Exit mobile version