Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: वृद्ध जागेश्वर धाम पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी, की पूजा-अर्चना, मंदिर में अर्पित की 1.5 क्विंटल की विशाल घंटी


अल्मोड़ा: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज अल्मोड़ा जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल ‘वृद्ध जागेश्वर धाम’ पहुंचकर भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना की।

की पूजा अर्चना

विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री ने देवाधिदेव महादेव से प्रदेशवासियों की खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य और जनकल्याण की कामना की। उन्होंने बाबा के चरणों में शीश नवाकर राज्य की निरंतर प्रगति का आशीर्वाद मांगा। इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री ने वृद्ध जागेश्वर मंदिर में डेढ़ क्विंटल (150 किलोग्राम) की एक विशाल घंटी भेंट की। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में कन्या पूजन किया। उन्होंने कन्याओं के पैर पखार कर उनका आशीर्वाद लिया और उन्हें प्रसाद वितरित किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को उत्तराखंड के लोकपर्व ‘हरेला’ की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
​धार्मिक धरोहरों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री

​मंदिर परिसर में मीडिया और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा‌ कि वृद्ध जागेश्वर धाम देश के सबसे प्राचीन और प्रमुख शिव धामों में से एक है। यह हमारी समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। हमारी सरकार उत्तराखंड की इन पावन धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार काम कर रही है। राज्य के सभी प्रमुख तीर्थस्थलों पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों से श्रद्धालुओं को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य प्रबंधों की जानकारी ली।

रहे उपस्थित

​इस धार्मिक और प्रशासनिक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के साथ कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें मोहन सिंह मेहरा (विधायक, जागेश्वर), कुंदन लटवाल (दर्जा राज्य मंत्री), महेश नयाल (भाजपा जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य), अंशुल सिंह (जिलाधिकारी), चंद्रशेखर आर घोड़के (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक) व‌ मंदिर समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहें।

Exit mobile version