Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: धारानौला में सड़क किनारे जमा मलबे और अतिक्रमण से राहगीर परेशान, जिम्मेदार बेखबर, प्रशासन से की यह मांग

अल्मोड़ा: शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में शुमार धारानौला में अतिक्रमण और निर्माण सामग्री के कारण आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

एक महीने से जस की तस बनी है स्थिति

सड़क किनारे लंबे समय से फैले मलबे और सामान ने लोगों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले एक महीने से सड़क किनारे निर्माण कार्य का मलबा और बोरियों में भरा कचरा इसी तरह पड़ा हुआ है। लापरवाही का आलम यह है कि इतने लंबे समय बाद भी इसे हटाने की सुध किसी ने नहीं ली है। सड़क के काफी हिस्से पर अवैध रूप से रखे गए लोहे के पाइपों और निर्माण सामग्री ने रास्ते को संकरा कर दिया है।

वाहन खड़ा करने में हो रही परेशानी

सड़क किनारे हुए इस अतिक्रमण के कारण वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। राहगीरों का कहना है कि सड़क के किनारे जगह न होने के कारण गाड़ियां खड़ी करने में भारी दिक्कत आती है, जिससे आए दिन जाम की स्थिति भी बन जाती है। साथ ही, इससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

वाहन चालकों व क्षेत्रवासियों ने स्थानीय प्रशासन और नगर निगम से तत्काल प्रभाव से इस मलबे और अतिक्रमण को हटाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही इसे नहीं हटाया गया, तो यातायात व्यवस्था और अधिक बाधित हो सकती है।

Exit mobile version