Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: गिरचोला में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, 25 लोगों ने थामा कांग्रेस का हाथ, गोविंद सिंह कुंजवाल के समर्थन में भरी हुंकार

धौलादेवी (अल्मोड़ा): गिरचोला ग्राम पंचायत में आयोजित कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक में पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपना चुनावी बिगुल फूंक दिया है।

बैठक का आयोजन

इस मौके पर प्रधान प्रतिनिधि भवान सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता गोविंद सिंह कुंजवाल ने भाजपा सरकार की नीतियों को जनविरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में आम जनता परेशान है। कुंजवाल ने अपने कार्यकाल की जनकल्याणकारी योजनाओं को याद दिलाते हुए जनता से कांग्रेस और भाजपा के शासनकाल की तुलना करने की अपील की। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प है जो गरीब, किसान, मजदूर और युवाओं के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
​सदस्यता अभियान से मजबूत हुआ संगठन

​बैठक का एक प्रमुख आकर्षण सदस्यता अभियान रहा। दीवान सिंह बनौला के नेतृत्व में 25 स्थानीय लोगों ने कांग्रेस की विचारधारा में आस्था जताते हुए पार्टी का दामन थामा। वहीं, धौलादेवी की ब्लॉक प्रमुख लीला पूरन बिष्ट की उपस्थिति में क्षेत्र पंचायत सदस्य हेमा गैड़ा, गुड्डी देवी और साक्षी ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। नए सदस्यों ने संगठन को मजबूती देने और आगामी चुनाव में पूरी ताकत से जुटने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने जागेश्वर विधानसभा सीट से गोविंद सिंह कुंजवाल को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। समर्थकों द्वारा लगाए गए नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

रहें मौजूद

​इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख पीतांबर पांडे, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महिपाल प्रसाद, न्याय पंचायत अध्यक्ष पूरन पाटनी, जिला पंचायत सदस्य मुन्नी आर्या सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Exit mobile version