Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: मिलावट पर शिकंजा: दीपावली से पहले अल्मोड़ा में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, मावा-दूध समेत लिए 6 सैंपल

​अल्मोड़ा: आगामी दीपावली त्योहार के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिस पर शुद्ध खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभाग की टीम ने बुधवार को जिलेभर में विशेष छापेमारी अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम ने विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की।

चलाया अभियान

जानकारी के अनुसार इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी (एफएसओ) के नेतृत्व में विभिन्न प्रतिष्ठानों से 6 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए। विभाग की ओर से की गई इस कार्रवाई के तहत मिलावट के अंदेशे वाले 3 सैंपल मावा (खोया), 2 सैंपल दूध और 1 सैंपल दही का लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, एकत्र किए गए सभी सैंपलों को सील कर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला (लैब) भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी भी सैंपल में मिलावट की पुष्टि होती है, तो संबंधित विक्रेताओं और व्यापारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


​त्योहारों पर सख्त रहेगा अभियान

​खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के सीजन में आम जनता की सेहत से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मिलावटी मावा और दुग्ध उत्पादों की बिक्री रोकने के लिए आने वाले दिनों में यह छापेमारी अभियान और अधिक तीव्रता से जारी रहेगा।

निरीक्षण अभियान में रहे शामिल

सहायक आयुक्त अनिल कुमार मिश्रा, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार व ईश्वर सिंह नेगी शामिल रहें।

Exit mobile version