अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिले में साइबर अपराध के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसा ही एक ताजा मामला द्वारहाट थाना क्षेत्र से सामने आया है।
जानें क्या है मामला
यहां एक शातिर साइबर ठग ने अपनी पहचान छिपाकर एक व्यक्ति से करीब पौने तीन लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। द्वारहाट पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जमीनीवार निवासी पीड़ित ने 22 जुलाई को अपने साथ हुई ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित का आरोप है कि अज्ञात ठग ने खुद को कोई अन्य व्यक्ति बताकर झांसे में लिया और छलपूर्वक उनके बैंक खाते से 2,85,029 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने सबसे पहले देहरादून साइबर थाने में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी।
जांच कर रही पुलिस
द्वारहाट के कोतवाल विनोद जोशी ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस साइबर सेल की मदद से मामले की गहनता से जांच कर रही हैं।