Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: बदहाल सड़क: पांच गांवों की लाइफलाइन पर हादसों का पहरा, जागेश्वर के तोली में प्रशासन व विधायक के खिलाफ ग्रामीणों में आक्रोश, युवाओं ने श्रमदान कर खोली सड़क

अल्मोड़ा: जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा तोली (भूलुरा, खरसू) को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की खस्ताहाल स्थिति से परेशान ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है।

स्थानीय लोगों में आक्रोश

सड़क पर बने गहरे-गहरे गड्ढों और लंबे समय से जारी प्रशासनिक उपेक्षा से नाराज स्थानीय युवाओं ने स्वयं आगे आकर श्रमदान किया और आवाजाही के लिए सड़क को खोला।
स्थानीय निवासियों के अनुसार यह मुख्य मार्ग क्षेत्र के लगभग पांच गांवों को आपस में जोड़ता है। लंबे समय से सड़क का सुधारीकरण न होने के कारण यहाँ रोजाना गुजरने वाले स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आपातकालीन स्थिति में अस्पताल ले जाए जाने वाले मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। राहगीरों के लिए इस मार्ग पर हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है।

विधायक की कार्यशैली पर उठाए सवाल

क्षेत्रीय ग्रामीणों और युवाओं ने जागेश्वर के विधायक मोहन सिंह मेहरा पर उपेक्षा और निष्क्रियता का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधि को क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों के लिए चुना गया था, लेकिन विकास के दावों की असलियत इन बदहाल गड्ढों में साफ दिखाई दे रही है।

दी चेतावनी

युवाओं द्वारा किए गए श्रमदान की तस्वीरों ने जनप्रतिनिधियों और लोक निर्माण विभाग के दावों पर सवालिया निशान लगा दिया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क का डामरीकरण और सुधारीकरण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Exit mobile version