Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: दिशा एकेडमी में धूमधाम से मनाया गया श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव, बारिश भी नहीं डिगा सकी बच्चों का उत्साह, नन्हे बाल-गोपालों ने बांधी समां


अल्मोड़ा: दिशा एकेडमी में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, उमंग और श्रद्धा भाव के साथ मनाया गया। इस दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्री कृष्ण के विभिन्न रूपों की मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कर और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उनकी बाल लीलाओं को जीवंत कर दिया।

प्रतियोगिता का आयोजन

इस समारोह के दौरान आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वास्तिका ने प्रथम, जानवी ने द्वितीय और गरिमा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं जन्मेश और रियांशी को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। संस्थान की ओर से बताया गया कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारने का मंच प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें अपनी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का एक सराहनीय प्रयास हैं।

दिखा उत्साह

​कार्यक्रम के दौरान खराब मौसम और भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में बच्चों और अभिभावकों की उपस्थिति आकर्षण का केंद्र रही। आयोजकों ने बच्चों के इस उत्साह पर खुशी और गर्व व्यक्त किया। कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए यह निर्णय लिया कि आगामी वर्ष में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव और भी अधिक भव्य एवं व्यापक रूप से आयोजित किया जाएगा। अंत में ‘जय श्री कृष्ण’ और ‘राधे-राधे’ के जयकारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Exit mobile version