Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: जिला जज, डीएम और एसएसपी ने किया जिला जेल का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी, बंदियों के परिजनों के लिए शुरू हुई नई सुविधा

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिला कारागार में सुरक्षा व्यवस्था को परखने और कैदियों की समस्याओं को जानने के लिए जिला प्रशासन और न्यायपालिका ने सक्रिय कदम उठाए हैं।

किया निरीक्षण

इसी क्रम में आज शुक्रवार को जिला जज श्रीकांत पाण्डेय, जिलाधिकारी अंशुल सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के ने संयुक्त रूप से जेल का औचक निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने कारागार परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान जेल की सुरक्षा व्यवस्था, खान-पान की गुणवत्ता और साफ-सफाई समेत अन्य आवश्यक संसाधनों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने सुरक्षा इंतजामों पर संतोष व्यक्त किया।

कैदियों से जाना हाल-चाल

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीधे कैदियों से संवाद किया। उन्होंने बंदियों की समस्याओं और उनकी जरूरतों के बारे में जानकारी ली और जेल प्रशासन को इन समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरे के दौरान एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जेल में ‘बंदी परिजन मुलाकात क्षेत्र’ का उद्घाटन किया गया। यह नया क्षेत्र कैदियों से मिलने आने वाले उनके परिजनों की सुविधा और बेहतर प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।

अधिकारियों ने दिए सख्त निर्देश

जिला जज, जिलाधिकारी और एसएसपी ने जेल अधीक्षक जयंत पांगती को निर्देशित किया कि वे भविष्य में भी जेल की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखें। साथ ही, बंदियों के कल्याण और उनके पुनर्वास के लिए आवश्यक सभी प्रबंध सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान जेल के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Exit mobile version