Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: विकास कार्यों की सुस्त चाल पर डीएम सख्त, कहा- पोर्टल पर अपडेट देनी होगी पल-पल की जानकारी

अल्मोड़ा: अल्मोड़ाजिले में विकास कार्यों की रफ्तार तेज करने के लिए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सख्त तेवर अपनाए हैं। डीएम ने गुरुवार को विकासभवन सभागार में आयोजित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।

लापरवाही पर जताई कड़ी नाराजगी

जिसमें जिलाधिकारी ने वर्ष 2021 से अब तक की गई मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन की बारीकी से जांच की। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने लंबित परियोजनाओं पर असंतोष व्यक्त करते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो कार्य रुके हुए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तत्काल शुरू किया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पोर्टल पर सूचनाएं अपडेट न करना या कार्यों की गुणवत्ता से समझौता करना गंभीर अनुशासनहीनता मानी जाएगी।

नियमित मॉनिटरिंग के दिए निर्देश

​जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने अधिकारियों को निम्नलिखित मुख्य निर्देश दिए कि जिन घोषणाओं पर काम चल रहा है, उनकी ताज़ा स्थिति नियमित रूप से संबंधित पोर्टल पर अपलोड की जाए। कार्यों की भौतिक और वित्तीय प्रगति की लगातार समीक्षा हो ताकि काम समय सीमा के भीतर और तय मानकों के अनुसार पूरे हों। यदि किसी परियोजना में भूमि या बजट संबंधी कोई बाधा आ रही है, तो उसका तुरंत समाधान निकाला जाए।

विभागों ने पेश की रिपोर्ट

​बैठक में विभिन्न विभागों के प्रभारियों ने अपनी-अपनी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने एक-एक परियोजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को फील्ड पर जाकर निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए।

रहें मौजूद

इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) रामजी शरण शर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) प्रदीप धौलाखंडी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रेणु भंडारी सहित सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version