Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: डीएम के कड़े तेवर, महिला अपराधों पर त्वरित कार्रवाई व कानून-व्यवस्था और राजस्व वसूली को लेकर दिए सख्त निर्देश

अल्मोड़ा: अल्मोड़ाजनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सरकारी राजस्व की शत-प्रतिशत वसूली को लेकर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है।

बैठक का आयोजन

जिस पर आज बुधवार को विकास भवन सभागार में आयोजित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति जांची और अधिकारियों को लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस और प्रशासन को निर्देशित किया कि आपराधिक गतिविधियों, विशेषकर महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां विशेष निगरानी बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने पर जोर दिया।

राजस्व वसूली और सीज वाहनों का हो निस्तारण

​राजस्व प्राप्ति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कर संग्रह का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है, उसे हर हाल में समय पर पूरा किया जाए। इसके साथ ही‌ परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया कि सीज किए गए वाहनों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण करें और प्रवर्तन कार्यों में तेजी लाएं। अदालतों में लंबे समय से लंबित वादों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए गए।

जनता को मिले योजनाओं का लाभ

​मुख्यमंत्री कोष से मिलने वाली आर्थिक सहायता की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि सहायता राशि पात्र लाभार्थियों तक समय पर पहुँचनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि फाइलें कार्यालयों में न अटकी रहें और लंबित प्रकरणों को जल्द से जल्द क्लीयर किया जाए।

रहें मौजूद

​इस समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, जॉइंट मजिस्ट्रेट (रानीखेत) गौरी प्रभात, उपजिलाधिकारी संजय कुमार समेत जनपद के सभी तहसीलदार और संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version