Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: लमगड़ा में गहराया पेयजल संकट, आश्वासन के बाद भी समस्या का समाधान न होने पर फूटा गुस्सा, दी उग्र आन्दोलन की चेतावनी

अल्मोड़ा: विकासखंड लमगड़ा बाजार में लंबे समय से जारी पेयजल संकट को लेकर व्यापारियों और ग्रामीणों ने सोमवार को प्रशासन के खिलाफ बाजार में धरना दिया और जमकर नारेबाजी की।

किया धरना प्रदर्शन

धरना स्थल पर आयोजित सभा में व्यापारियों ने कहा कि लमगड़ा बाजार और आस-पास के क्षेत्रों में पर्याप्त पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। जनता बूंद-बूंद पानी को तरस रही है। व्यापारियों का आरोप है कि इस संबंध में पहले भी जल संस्थान के आला अधिकारियों को अवगत कराया गया था। विभाग की ओर से सिर्फ कोरे आश्वासन मिले, लेकिन धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। अधिकारियों की इसी बेरुखी के कारण आज व्यापारियों को सड़कों पर उतरना पड़ा। कहा कि क्षेत्र में पेयजल संकट गहराने की एक बड़ी वजह मुख्य लाइनों में धड़ल्ले से लगाए गए अवैध कनेक्शन हैं। जल संस्थान इन अवैध कनेक्शनों पर लगाम लगाने में पूरी तरह नाकाम रहा है, जिसका खामियाजा वैध उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है।

आंदोलन की चेतावनी

साथ ही प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पानी की किल्लत दूर नहीं हुई, तो वे एक बड़े और उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

​रहें मौजूद

​इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष शुभम कपकोटी, दीपक तिवारी, रहीश अहमद, आनंद नैनवाल, आदिल अहमद, मनोज देवरी, दीपक फर्त्याल, ध्रुव बगड़वाल और भुवन किरौला समेत भारी संख्या में स्थानीय व्यापारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

Exit mobile version