Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: औषधि विभाग अलर्ट, कोडीन युक्त कफ सिरप एवं मनःप्रभावी औषधियों की बिक्री पर कड़ी निगरानी

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा में खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड के से प्राप्त निर्देशों के क्रम में आज जनपद अल्मोड़ा में कोडीन युक्त कफ सिरप एवं मनःप्रभावी औषधियों के अवैध आवागमन, बिक्री एवं दुरुपयोग की रोकथाम हेतु औचक निरीक्षण अभियान संचालित किया गया।

किया निरीक्षण

इस अभियान के अंतर्गत औषधि निरीक्षक अल्मोड़ा, पूजा जोशी द्वारा जिले के विभिन्न खुदरा एवं थोक औषधि प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों में उपलब्ध दवाओं के स्टॉक का सत्यापन किया गया तथा खरीद–बिक्री अभिलेखों की गहन जांच की गई, जो संतोषजनक पाए गए।निरीक्षण के दौरान यह भी सुनिश्चित किया गया कि कोडीन युक्त कफ सिरप एवं मनःप्रभावी औषधियों की बिक्री केवल पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति में तथा पंजीकृत चिकित्सा व्यवसायी के विधिवत पर्चे पर ही की जा रही है।

जारी रहेगा अभियान

अभियान के तहत परीक्षण एवं विश्लेषण के उद्देश्य से दवाओं के तीन नमूने भी संग्रहित किए गए, जिन्हें परीक्षण हेतु राज्य विश्लेषणशाला भेजा जाएगा। इसके अतिरिक्त, औषधि प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना एवं उनकी रिकॉर्डिंग व्यवस्था की भी गहन जांच की गई। इस अवसर पर औषधि निरीक्षक द्वारा स्पष्ट किया गया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कोडीन युक्त कफ सिरप एवं मनःप्रभावी औषधियों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा आम जनता, विशेषकर युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखना है। भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेंगे।

Exit mobile version