अल्मोड़ा: उत्तराखंड के खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आज औषधि दुकानों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए औचक निरीक्षण अभियान चलाया।
किया निरीक्षण
इसी क्रम में आज सोमवार, 6 अप्रैल 2026 को औषधि निरीक्षक पूजा जोशी ने जनपद के धौलछीना और भैसियाछाना ब्लॉक में स्थित विभिन्न मेडिकल प्रतिष्ठानों की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान विभाग ने स्वास्थ्य मानकों और नियमों के अनुपालन को लेकर कड़ा रुख अपनाया। मेडिकल स्टोरों के ड्रग लाइसेंस की वैधता और दवाओं के स्टॉक का मिलान किया गया।दवाओं की खरीद-फरोख्त के रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की गई। यह सुनिश्चित किया गया कि दवाओं की बिक्री केवल पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति में और डॉक्टर के पर्चे के आधार पर ही की जा रही है। दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों और उनकी रिकॉर्डिंग की भी पड़ताल की गई।
7 दिन के भीतर माँगा जवाब
निरीक्षण के दौरान कुछ मेडिकल प्रतिष्ठानों में खामियां और अनियमितताएं पाई गईं। इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए औषधि निरीक्षक ने संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी कर 07 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ऊऔषधि निरीक्षक पूजा जोशी ने स्पष्ट किया कि दवाओं की बिक्री में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनपद में इस तरह का जांच अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा ताकि आम जनता को सुरक्षित और मानकों के अनुसार दवाएं मिल सकें।